लखनऊ मंडल में 9 कर्मचारियों को पदोन्नति, 17 रेलकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई

लखनऊ:
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय हॉल में समापक भुगतान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एक ओर जहां सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं दूसरी ओर कार्यरत कर्मचारियों को पदोन्नति का तोहफा भी मिला।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 9 पात्र कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति आदेश सौंपे गए। पदोन्नति मिलने पर कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम के दौरान 17 रेलकर्मियों को सेवानिवृत्ति पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। मंडल कार्मिक अधिकारी सुभाष चन्द्रा ने उन्हें समापक भुगतान से जुड़े प्रपत्र और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए।
इस मौके पर अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को सराहा और उनके स्वस्थ व सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सहायक मंडल वित्त प्रबंधक आनन्द प्रकाश सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



