कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, लाखों का माल स्वाहा, दस घंटे से धधक रहीं लपटें
आग की लपट देख मचा रहा चारों ओर हाहाकार

लखनऊ। चिनहट क्षेत्र के अयोध्या रोड पर स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह भीषण आग से हाहाकार मच गया। पुलिस, दमकल कर्मियों और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचते ही आग बुझाने में जुट गई, लेकिन करीब दस घंटे बाद भी लपटों पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका। कोल्ड स्टोरेज में दाल, धनिया, मिर्च, सुपारी के अलावा गोदाम में गेहूं और अन्य खाद्य सामग्री रखी थी जो पूरी तरह से जलकर राख हो गई। आग से लाखों रुपए के नुकसान की आंशका जताई जा रही है।

गनीमत रही कि इस दौरान यहां कोई कर्मचारी एवं पहलेदार नहीं था। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक आग बुझाने दमकल की कुल 14 गाड़ियों तथा एसडीआरएफ की संयुक्त टीम युद्ध स्तर पर लगी रही तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। वहीं पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करते रहे।
बताते चलें कि हज़रतगंज क्षेत्र स्थित लालबाग में रहने वाले राहुल गुप्ता पुत्र प्रहलाद चंद गुप्ता का चिनहट क्षेत्र के अयोध्या रोड स्थित दयाल रेजीडेंसी के पास हिमालयन नाम से कोल्ड स्टोरेज है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब सवा छह बजे कोल्ड स्टोरेज से धुआं व आग की लपट निकलते देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में इसकी सूचना कोल्ड स्टोरेज मालिक राहुल गुप्ता को दी। आग लगने की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे राहुल गुप्ता ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। इस पर विभूतिखंड, गाजीपुर, आलमबाग, हजरतगंज, बीकेटी, पीजीआई सहित पास के जिले बाराबंकी की दमकल हाइड्रोलिक प्लेट फार्म के साथ मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने की कोशिश की गई पर कामयाबी नहीं और देखते ही देखते इलाके में धुआं छा गया।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक कोल्ड स्टोरेज काफी बड़ा है। धुएं की वजह से यह पता नहीं लग पा रहा था कि आग कहां-कहां लगी है। भीतर से सिर्फ आग की लपट ही दिखाई दे रही थी। आग का विकराल रूप देख आसपास में बने मकानों में रहने वाले लोगों से खाली करा लिया गया था। वहीं दर्जन भर से अधिक लगी दमकल गाड़ियों ने करीब पांच बजे तक आग पर काबू पाया, लेकिन रूक-रूक कर आग धधकना बंद नहीं हुई थी। शार्ट सर्किट से आग लगने की आंशका जताई जा रही है।
पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ टीम की मेहनत को सलाम
इस भीषण भरी गर्मी में जिस तरह से पुलिस, फायर ब्रिगेड कर्मी तथा एसडीआरएफ टीम ने करीब दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इनकी मेहनत और लगन देखकर वहां पर मौजूद हर शख्स तारीफ करते नजर आ रहा था कि पुलिस के जवानों को जितना भी सलाम करो वह कम होगा। ये जवान अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की सुरक्षा में लगे रहते हैं, इसके बाद भी कुछ लोग इन पर उंगलियां उठाने में संकोच नहीं करते।



