महावीर इंटर कॉलेज के सामने जूता-चप्पल की दुकान में लगी भीषण आग, पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से बड़ा हादसा टला

लखनऊ। राजधानी के थाना विकासनगर क्षेत्र स्थित कुर्सी रोड पर महावीर इंटर कॉलेज के सामने सोमवार दोपहर एक मार्केट में संचालित जूता-चप्पल की दुकान में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर स्थित जूता-चप्पल की दुकान, जिसके स्वामी मोहम्मद समीर एवं मोहम्मद हसीन हैं, उसमें आग लग गई। दुकानों के पीछे रिहायशी मकान होने के कारण पुलिस ने तत्काल आसपास के मकानों को एहतियातन खाली कराया और घरों में रखे एलपीजी सिलेंडर व अन्य ज्वलनशील सामान को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
सूचना पर इंदिरानगर, हजरतगंज और बीकेटी अग्निशमन केंद्रों से फायर यूनिट मौके पर पहुंचीं। इंदिरानगर की पहली फायर यूनिट ने दोपहर 12:11 बजे आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इसके बाद अन्य यूनिटों के सहयोग से फायर सर्विस की दो गाड़ियों ने संयुक्त रूप से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। किसी व्यक्ति के आग में फंसे होने की भी पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



