एस.आर. ग्लोबल स्कूल में भव्य अलंकरण समारोह, 46 विद्यार्थियों ने संभाली नेतृत्व की जिम्मेदारी

लखनऊ, 11 अगस्त – एस.आर. ग्लोबल स्कूल में मंगलवार को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी (अलंकरण समारोह) का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय की नव-निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल के 46 छात्र-छात्राओं को विभिन्न नेतृत्वकारी पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल डॉ. दिनेश कुमार पाठक, कमांडिंग ऑफिसर, 19 यूपी गर्ल्स बटालियन रहे। विशिष्ट अतिथि GCI ज्योत्सना जोशी, कैडेट इंस्ट्रक्टर, 19 यूपी गर्ल्स बटालियन तथा एस.आर. ग्रुप के चेयरमैन एवं विधान परिषद सदस्य, सीतापुर पवन सिंह चौहान की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।

समारोह में विद्यार्थियों को विद्यालय के अनुशासन, शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और छात्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी गई। वरिष्ठ वर्ग में हेड बॉय दिव्यांश शुक्ला और हेड गर्ल रिद्धि शुक्ला सहित वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, कल्चरल सेक्रेटरी, डिसिप्लिन कमेटी सदस्य तथा विभिन्न हाउस के कैप्टन और वाइस कैप्टन नियुक्त किए गए।
विद्यालय के करेज, हार्मनी, विजडम और यूनिटी हाउस के विद्यार्थियों को भी हाउस कैप्टन एवं वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं जूनियर वर्ग में हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, कल्चरल कैप्टन समेत विभिन्न हाउस के कैप्टन नियुक्त किए गए।

मुख्य अतिथि कर्नल डॉ. दिनेश कुमार पाठक ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद हासिल करना नहीं, बल्कि अपने कार्य और आचरण से दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना है।
विशिष्ट अतिथि ज्योत्सना जोशी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें टीम भावना, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। चेयरमैन पवन सिंह चौहान ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देता है।
समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। रंगारंग कार्यक्रमों ने अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया, जिससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच सहभागिता और जुड़ाव को मजबूती मिली।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने नव-नियुक्त छात्र परिषद के सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि विद्यार्थी अपने अनुशासन, आचरण और नेतृत्व क्षमता से विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।



