धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून की मांग, हिंदू महासभा ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

लखनऊ। संवाददाता
लखनऊ – प्रदेश में कथित धर्मांतरण की गतिविधियों पर रोक लगाने और इसके खिलाफ कड़ा कानून बनाए जाने की मांग को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी की ओर से दिए गए ज्ञापन में धर्मांतरण के लिए कथित तौर पर प्रलोभन देने और आर्थिक मदद का लालच दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों को कथित रूप से नौकरी, इलाज और आर्थिक सहायता का लालच देकर धर्मांतरण कराने की कोशिश की जा रही है। संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर प्रशासन की अनुमति के बिना धार्मिक गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

हिंदू महासभा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि धर्मांतरण के मामलों में कठोर कार्रवाई के लिए प्रभावी कानून और सख्त प्रावधान किए जाएं। साथ ही ऐसे मामलों की निगरानी कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। संगठन ने सरकार से धर्मांतरण के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने की मांग की है।

अखिल भारत हिंदू महासभा ने चेतावनी दी कि यदि धर्मांतरण की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाएगा।



