आउटर रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा: युवक व दो बछड़ों की मौत, कार सवार घायल

दिनाँक :-05 जनवरी 2026
लखनऊ।
आउटर रिंग रोड पर रविवार शाम करीब 4:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक और भैंस के दो बछड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे भैंस चरा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मृतक की पहचान रामानंद (20) पुत्र लल्लन यादव, निवासी बनियाखेड़ा, थाना दुबग्गा के रूप में हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि भैंस के दोनों बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक और उसमें सवार एक अन्य युवक घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी एसएचएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। और अस्पताल में हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त पश्चिमी और अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी सहित अन्य अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



