नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 11 किलो अफीम बरामद
भमोरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम की कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

बरेली | भमोरा
बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भमोरा पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने 11 किलोग्राम अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ दस लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंडे मुंडा और बल्के मुड़ा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से नशे की तस्करी में संलिप्त थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक आई-20 कार भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल अफीम की तस्करी में किया जा रहा था।
एसपी दक्षिणी ने दी जानकारी
पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है, जिसके आधार पर नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।



