नगर निगम वसूली टीम से हाथापाई, नाराज कर्मचारियों का जलकल कार्यालय में हंगामा

फिरोजाबाद
फिरोजाबाद के महावीर नगर इलाके में मंगलवार को नगर निगम की वसूली टीम और स्थानीय लोगों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस घटना से आक्रोशित नगर निगम कर्मचारियों ने बाद में जलकल कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार थाना उत्तर क्षेत्र के महावीर नगर गली नंबर-10 में नगर निगम की वसूली टीम कर वसूली के लिए पहुंची थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय निवासियों से कर्मचारियों की बहस हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई। घटना में कर्मचारियों को अपमान और अभद्रता का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद वसूली लक्ष्य पूरे न होने के कारण वेतन रोके जाने से नाराज कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। कर्मचारियों का कहना है कि दबाव में काम कराया जाता है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। आए दिन वसूली के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट होती है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
आक्रोशित कर्मचारी जलकल कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे काम करने को तैयार नहीं हैं।
हंगामे की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। वहीं, थाना उत्तर पुलिस भी मामले में सक्रिय हो गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर नगर निगम की वसूली व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



