उत्तर प्रदेश

लखनऊ में बनेगा पीसीएस भवन, पहली बार मिलेगी संघ को स्थायी पहचान

लखनऊ
लखनऊ। प्रदेश में पहली बार पीसीएस अधिकारियों के लिए राजधानी लखनऊ में पीसीएस भवन बनाए जाने की पहल की गई है। इस भवन में पीसीएस संघ का कार्यालय और गेस्ट हाउस दोनों की सुविधा उपलब्ध होगी। पीसीएस संघ के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने पत्र जारी कर प्रदेश भर के सभी पीसीएस अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दी है।
अब तक लखनऊ में पीसीएस संघ का न तो कोई स्थायी कार्यालय था और न ही गेस्ट हाउस। शासकीय कार्यों से सचिवालय या न्यायालय आने वाले अधिकारियों को रात्रि विश्राम के लिए इधर-उधर व्यवस्था करनी पड़ती थी। साथ ही, कार्यालय के अभाव में संघ की गतिविधियों के संचालन में भी कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से राजधानी में पीसीएस भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इस दिशा में पहल करते हुए संघ अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने लगभग दो एकड़ भूमि के चयन के लिए 11 सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है। समिति को इसी माह भूमि क्रय की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य दिया गया है। भूमि का क्रय पीसीएस अधिकारियों के सहयोग से जुटाई गई धनराशि से किया जाएगा।
पीसीएस भवन बनने की घोषणा से अधिकारियों में खासा उत्साह है। उनका कहना है कि इससे राजधानी में न सिर्फ ठहरने की सुविधा मिलेगी, बल्कि संघ की गतिविधियों को भी एक सशक्त और संगठित मंच मिलेगा। अब लखनऊ में पीसीएस अधिकारियों का अपना कार्यालय और भवन होने का सपना साकार होने जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button