टेंपो में गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना हत्या की वजह
पहले दोस्ती, फिर शराब पिलाकर कत्ल… सूखे पत्तों में जलाई लाश, जूतों से हुई पहचान

मेरठ |
मेरठ में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। टेंपो में गाना बजाने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद पहले दोस्ती में बदला और फिर बेरहमी से हत्या में। टेंपो चालक और उसके साथियों ने युवक की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को जला दिया, लेकिन पूरी तरह जल न पाने के कारण उसकी पहचान हो सकी।
मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर शहर के हनुमान चौक किला मोहल्ला निवासी रोहित उर्फ रोनू (28) पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर जूतों के आधार पर शव की पहचान की।
टेंपो में गाने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार रोहित मुंबई में शादी समारोहों में हलवाई का काम करता था। सोमवार को वह मुंबई से घर लौटा था। शाम को वह मौसी के घर ज्वालागढ़ जाने के लिए गांव दादरी से टेंपो में सवार हुआ। रास्ते में नाबालिग टेंपो चालक ने तेज आवाज में गाना चला दिया, जिस पर रोहित ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
समझौता, शराब और फिर मौत
विवाद के बाद दोनों में समझौता हो गया। आरोप है कि चालक रोहित को अपने साथ सलावा ले गया, जहां शराब खरीदी गई। शराब पीने और चाउमीन खाने के बाद दोनों रार्धना चौराहे पहुंचे, जहां दोबारा शराब पी गई। इसी दौरान फिर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि टेंपो चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोहित के सिर पर ईंट या किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी।
शव जलाकर मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को अक्खेपुर-रार्धना मार्ग पर किसान पब्लिक स्कूल के पास ले जाकर सूखे पत्तों में डालकर जला दिया। हालांकि शव पूरी तरह जल नहीं सका, जिससे पहचान संभव हो सकी।
पुलिस जांच में जुटी, टेंपो जब्त
मृतक की मौसी मदनवती की तहरीर पर सरधना थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में ले लिया है और कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी ने किया खुलासा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/डीआईजी विपिन टाडा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि टेंपो चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।



