डांडिया बाजार में अतिक्रमण पर चला नगर निगम का बुलडोज़र, भीड़ के विरोध के बीच ज़ोनल अधिकारी ने दिखाई दिलेरी
सीएम ग्रिड योजना से पहले सड़क किनारे अवैध दुकानें हटाईं गईं

लखनऊ, 09 जनवरी 2026
नगर निगम लखनऊ के जोन-3 में बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। डांडिया बाजार मार्केट में सीएम ग्रिड योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्य से पहले सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। सड़क किनारे लगी मीट और मुर्गे की दुकानों के कारण न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।
कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और विरोध शुरू हो गया। हालात तनावपूर्ण होते देख एसडीएम/जोनल अधिकारी आकाश कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाला। बताया जा रहा है कि पुलिस फोर्स को सूचना देने के बावजूद समय पर पर्याप्त बल मौके पर नहीं पहुंच पाया, लेकिन इसके बावजूद ज़ोनल अधिकारी पीछे नहीं हटे।
भीड़ से घिरे होने के बावजूद आकाश कुमार ने संयम और साहस का परिचय देते हुए लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में रखा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई। अंततः सड़क को पूरी तरह साफ कर दिया गया, जिससे सीएम ग्रिड योजना के कार्य का रास्ता साफ हो सका।
डांडिया बाजार में जो दृश्य देखने को मिला, वह केवल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं था, बल्कि एक प्रशासनिक अधिकारी के नेतृत्व, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण भी था। अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि विकास कार्यों में बाधा डालने वाले अतिक्रमण को अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



