ओवरहेड टैंक की सफाई, लेकिन फिर थमी जलापूर्ति
लखनऊ शाम को पानी के लिए परेशान होंगे कई इलाकों के लोग
नगर निगम लखनऊ
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग द्वारा शहर में ओवरहेड टैंकों की सफाई का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन इस प्रक्रिया में नागरिकों को बार-बार जलापूर्ति बाधित होने की परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी क्रम में टिकैत राय लेबर कॉलोनी स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई के चलते 12 जनवरी 2026 (सोमवार) को शहर के कई इलाकों में सायंकालीन जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
जलकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह सफाई कार्य जनस्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिना ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के बार-बार पानी की सप्लाई रोक देना आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। खासकर कामकाजी लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को शाम के समय पानी न मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इन इलाकों में रहेगी पानी की किल्लत
जानकारी के अनुसार, टिकैत राय लेबर कॉलोनी, सुप्पा रौस, बड़ा तालाब कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में 12 जनवरी की शाम जलापूर्ति बाधित रहेगी। नगर निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सुबह की जलापूर्ति के दौरान ही आवश्यक मात्रा में पानी का भंडारण कर लें, ताकि शाम के समय असुविधा न हो।
टैंकर व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलकल विभाग द्वारा पूर्व सूचना तो जारी कर दी जाती है, लेकिन वैकल्पिक टैंकर व्यवस्था अक्सर नाकाफी साबित होती है। कई बार सूचना के बावजूद लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आते हैं, जिससे नाराजगी बढ़ती जा रही है।
विभाग ने यह भी बताया कि करेहटा और अम्बेडकर नगर क्षेत्र में स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई का कार्य 10 जनवरी 2026 को पूरा कर लिया गया है। इसके बावजूद नागरिकों की मांग है कि भविष्य में ऐसे रखरखाव कार्यों के दौरान जलापूर्ति की मजबूत वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि “मेरा शहर, मेरी शान” का नारा सिर्फ कागजों तक सीमित न रह जाए।



