उत्तर प्रदेशराजनीति

लखनऊ में AAP का जोरदार प्रदर्शन

बांग्लादेश के खिलाफ नारेबाजी, पुतला फूंका; कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

लखनऊबांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार को लखनऊ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कैसरबाग स्थित स्वास्थ्य भवन चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी ने भारत सरकार से बांग्लादेश को दी जा रही बिजली आपूर्ति पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को वापस बांग्लादेश भेजने की आवाज भी उठाई गई।
“हिंदुओं की हत्या पर पीएम मौन”
आम आदमी पार्टी की जिला अध्यक्ष इरम ने कहा कि बांग्लादेश में लंबे समय से हिंदू समुदाय पर अत्याचार हो रहे हैं और उनकी हत्याएं की जा रही हैं, लेकिन भारत सरकार और प्रधानमंत्री पूरी तरह मौन हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हिंदुओं का खून इतना सस्ता हो गया है कि उस पर कोई आवाज नहीं उठाई जा रही।
इरम ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार उद्योगपतियों के मुनाफे के लिए काम कर रही है, इसलिए बांग्लादेश के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि यह सरकार न हिंदुओं की है और न मुसलमानों की, बल्कि सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में लगी हुई है।
“देश में न महिलाएं सुरक्षित, न हिंदू”
AAP नेताओं ने कहा कि एक साल से अधिक समय से बांग्लादेश में अत्याचार जारी हैं, लेकिन सरकार चुप है। वहीं देश के अंदर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। मेरठ की एक दलित महिला से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना पर भी प्रधानमंत्री और भाजपा ने चुप्पी साध रखी है।
भाजपा के पुराने बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि अपराध करने वालों को ‘यमराज’ मिलने की बात कही जाती थी, लेकिन आज बेटियों के साथ हो रहे अपराधों पर न्याय क्यों नहीं मिल पा रहा।
“शेख हसीना को बिरयानी खिलाई जा रही”
प्रदर्शन में शामिल पार्टी प्रवक्ता प्रतिपाल सिंह ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार की चुप्पी बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी ग्रुप झारखंड में बिजली उत्पादन कर बांग्लादेश को सप्लाई कर रहा है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना को बांग्लादेश में भगोड़ा घोषित किया जा चुका है, इसके बावजूद भारत में उन्हें टैक्स के पैसे से सुविधाएं दी जा रही हैं।
AAP नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो पार्टी का यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button