अपराधउत्तर प्रदेश

कानपुर की युवती को शादी से इनकार पर जान से मारने की धमकी, लखनऊ के युवक पर केस दर्ज

कानपुर

पनकी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को लखनऊ निवासी युवक ने शादी से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के भाई आशीष त्रिपाठी ने थाना पनकी में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बहन कानपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी, जहां उसकी पहचान लखनऊ निवासी नितिन बाजपेई से हुई थी। दोनों के बीच कामकाज के दौरान बातचीत शुरू हुई, लेकिन बाद में युवती ने किसी कारणवश नितिन से संपर्क करना बंद कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद से नितिन बाजपेई युवती पर शादी का दबाव बनाने लगा और मना करने पर उसे लगातार धमकियां देने लगा। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि यदि उसने शादी नहीं की तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा। धमकियों से परेशान होकर पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में डीसीपी पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और पीड़िता की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button