उत्तर प्रदेश

IRITM लखनऊ को मिला ISO 14001:2015 सर्टिफिकेशन, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी उपलब्धि

लखनऊ। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान को ISO 14001:2015 पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली के लिए सर्टिफाइड किया गया है। यह सर्टिफिकेशन पर्यावरण के प्रति संस्थान की मजबूत प्रतिबद्धता और सतत विकास को अपनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।
यह प्रमाणन संस्थान द्वारा पर्यावरण प्रबंधन, संसाधनों के कुशल उपयोग, अपशिष्ट में कमी, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय प्रदर्शन में निरंतर सुधार के लिए अपनाई गई व्यवस्थित कार्यप्रणाली की मान्यता है। इसके तहत संस्थान में पर्यावरण के अनुकूल नीतियों और प्रक्रियाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
संस्थान के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर ने इस उपलब्धि पर संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सर्टिफिकेशन सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने इसे सतत विकास और जिम्मेदार शासन के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
महानिदेशक ने यह भी कहा कि IRITM आगे भी अपनी पर्यावरणीय पहलों को और मजबूत करेगा तथा प्रशिक्षुओं और अधिकारियों के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। उन्होंने बताया कि संस्थान भारतीय रेलवे के हरित और संरक्षित परिवहन के विजन के अनुरूप कार्य कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह सर्टिफिकेशन IRITM को पर्यावरणीय दृष्टि से अधिक जिम्मेदार और टिकाऊ संस्थान के रूप में स्थापित करता है, जो आने वाले समय में अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button