आईडीएल टी-20 लीग: सिक्योरिटी हंटर की धमाकेदार जीत, ट्रैक्शन टाइगर्स 91 रन से पराजित
अखिलेश यादव की 74 रनों की शानदार पारी, सिक्योरिटी हंटर ने दर्ज की बड़ी जीत

लखनऊ, 15 जनवरी 2026:
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल क्रीड़ा संघ द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में आयोजित अन्तर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग 2026 (IDL) के तहत बुधवार को पहला लीग मुकाबला ट्रैक्शन टाइगर्स और सिक्योरिटी हंटर टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में सिक्योरिटी हंटर टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 91 रनों से शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिक्योरिटी हंटर टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए। टीम की ओर से अखिलेश यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 74 रन बनाए। उनके अलावा अमित सिंह (46 रन), राकेश पाण्डेय (22 रन) और विनय (19 रन) ने अहम योगदान दिया। ट्रैक्शन टाइगर्स की ओर से गेंदबाजी में राजुलाल मीना, हरीनाम और अभिषेक ने दो-दो विकेट हासिल किए।
203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैक्शन टाइगर्स की टीम दबाव में नजर आई और 18.1 ओवर में मात्र 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से हरीनाम (22 रन), अभिषेक (14 रन) तथा जगन्नाथ और ए.के. शर्मा (13-13 रन) ही कुछ संघर्ष कर सके।
इस तरह सिक्योरिटी हंटर टीम ने ट्रैक्शन टाइगर्स को 91 रनों से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शानदार आगाज किया। आयोजन स्थल पर मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।



