गोमतीनगर पहुंची पहली अमृत भारत एक्सप्रेस, फूलों से हुआ ऐतिहासिक स्वागत
लखनऊ से कामाख्या की दूरी आसान, 30 जनवरी से चलेगी डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत ट्रेन

लखनऊ-20जनवरी2026
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन मंगलवार सुबह उत्सव के रंग में रंगा नजर आया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुभारंभ की गई डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत उद्घाटन विशेष गाड़ी का पहला आगमन हुआ। स्टेशन पर पहुंचते ही लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर और यात्रियों का रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फूलों की मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस मौके पर जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि अमृत भारत ट्रेनें आम आदमी को ध्यान में रखकर विकसित की गई हैं। इन ट्रेनों का उद्देश्य जनरल और स्लीपर श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी प्रीमियम ट्रेनों जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ तेज, सुरक्षित और किफायती यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से अब प्रदेश की राजधानी लखनऊ से कामाख्याधाम जाने के लिए एक और बेहतर विकल्प उपलब्ध हो गया है।
यह ट्रेन असम, पश्चिम बंगाल और बिहार के प्रमुख स्टेशनों से होते हुए डिब्रूगढ़, गुवाहाटी, कामाख्या, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बरौनी, हाजीपुर, छपरा, गोरखपुर जंक्शन, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर और अयोध्याधाम जंक्शन के रास्ते गोमतीनगर पहुंचेगी। इससे न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और पारिवारिक आवागमन को भी नया आयाम मिलेगा। यात्रियों ने ट्रेनों में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा को “विश्वस्तरीय” बताया।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 15949 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस का साप्ताहिक नियमित संचालन 30 जनवरी 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार रात 9 बजे डिब्रूगढ़ से रवाना होकर तीसरे दिन दोपहर 1:30 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 15950 गोमतीनगर–डिब्रूगढ़ अमृत भारत एक्सप्रेस 2 फरवरी 2026 से प्रत्येक रविवार शाम 6:40 बजे गोमतीनगर से प्रस्थान कर तीसरे दिन दोपहर 12:40 बजे डिब्रूगढ़ पहुंचेगी।
कार्यक्रम के दौरान सहायक वाणिज्य प्रबंधक ओंकारनाथ वर्मा, वाणिज्य निरीक्षक सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



