अरविन्द बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बसंत पंचमी पर भव्य सांस्कृतिक समारोह, छात्र-छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
सरस्वती वंदना से गूंजा विद्यालय परिसर, बसंत पंचमी पर नम्रता पाठक और राजीव मिश्रा रहे मुख्य अतिथि

लखनऊ (हरचंदपुर गढ़ी कनौरा)
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर अरविन्द बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हरचंदपुर गढ़ी कनौरा, लखनऊ में भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ज्ञान, विद्या और संस्कृति की देवी माँ सरस्वती को समर्पित रहा, जिसमें विद्यालय परिसर भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष नम्रता पाठक और मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या बबीता जी ने की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक शकुन्तला यादव और उपप्रधानाचार्य दीना नाथ भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद छात्रों ने सरस्वती वंदना, नृत्य, गायन और काव्य पाठ सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
समारोह में शिक्षकगण, अभिभावक, विद्यार्थी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक शरद दीक्षित ने किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।



