लखनऊ में 77वें गणतंत्र दिवस पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, विधान भवन और परेड मार्ग को 3 जोन-5 सेक्टर में बांटा
गणतंत्र दिवस पर राजधानी हाईअलर्ट, ड्रोन और CCTV से हर शख्स पर नजर, भारी पुलिस बल तैनात

लखनऊ-25जनवरी 2026
77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर को हाईअलर्ट पर रखा गया है। विधान भवन और उसके आसपास ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
सुरक्षा के मद्देनजर राजधानी पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी की तीन कंपनियां और एटीएस टीम को भी चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं। विधान भवन सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने विधान भवन परिसर में बम निरोधक दस्ते के साथ सघन जांच कराई। शहर के अलग-अलग इलाकों में भी पुलिस अधिकारी अपनी टीम के साथ चेकिंग करते नजर आए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट, प्रमुख मॉल और बाजारों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जो सोमवार शाम तक जारी रहेगा।
संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार के अनुसार, विधान भवन और परेड मार्ग को तीन जोन और पांच सेक्टरों में बांटा गया है। यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है ताकि परेड और सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत तीन पुलिस उपायुक्त, पांच अपर पुलिस उपायुक्त, 14 सहायक पुलिस आयुक्त, 55 निरीक्षक, 322 उपनिरीक्षक, 855 मुख्य आरक्षी-आरक्षी, 131 होमगार्ड जवान, तीन कंपनी पीएसी, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड, एलआईयू और कमांडो तैनात किए गए हैं। सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर भी कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।



