गणतंत्र दिवस पर लखनऊ प्राणी उद्यान में उमड़ा जनसैलाब, 10,421 दर्शकों ने उठाया आनंद
26 जनवरी पर लखनऊ चिड़ियाघर में रहा भारी उत्साह, बच्चों ने लिया बैटरी वाहन और बोटिंग का मजा

लखनऊ।
गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) के अवसर पर लखनऊ प्राणी उद्यान में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्राणी उद्यान को त्रिरंगे से भव्य रूप से सजाया गया था और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। इस अवसर पर उप निदेशक डॉ. उत्कर्ष शुक्ला द्वारा ध्वजारोहण किया गया और उपस्थित सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
प्राणी उद्यान प्रशासन द्वारा दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शकों और बच्चों ने प्राणी उद्यान की बैटरी चालित रेल और वाहनों की सैर की। बच्चों ने विभिन्न वन्य जीवों को देखकर खासा उत्साह व्यक्त किया और बताया कि उन्होंने चिड़ियाघर में खूब मनोरंजन किया, विशेष रूप से बैटरी रेल यात्रा का आनंद लिया।
दर्शकों ने खिली धूप का भरपूर आनंद लिया। बोटिंग पॉन्ड में पैडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध रही, जिसका लोगों ने जमकर लाभ उठाया। प्राणी उद्यान के दोनों गेटों पर पार्किंग पूरी तरह भरी रही और दर्शकों ने पार्किंग व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि उन्हें काफी सुविधा मिली।
प्राणी उद्यान में शुरू किए गए फूड कोर्ट में भी काफी भीड़ रही, जहां दर्शकों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद लिया। इसके अलावा शेर, जेब्रा, जिराफ, हिरण और गैंडे के मॉडल के साथ लोगों ने खूब तस्वीरें खिंचवाईं।
प्राणी उद्यान प्रशासन के अनुसार 26 जनवरी 2026 को कुल 10,421 दर्शकों ने चिड़ियाघर का भ्रमण किया।



