‘होश में रहना’ टिप्पणी पर मचा बवाल, सपा नेत्री पूजा शुक्ला ने बीएलओ पर लगाए गंभीर आरोप
संवेदनशील बूथ पर बीएलओ की भूमिका पर सवाल, सपा नेत्री पूजा शुक्ला से हुई तीखी नोकझोंक

लखनऊ। समाजवादी पार्टी की नेत्री एवं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुकीं पूजा शुक्ला ने बूथ नंबर–5 से जुड़े एक मामले को लेकर प्रशासन और भारत निर्वाचन आयोग का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि संवेदनशील मतदान केंद्र पर तैनात महिला बीएलओ निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय भाजपा एजेंट की तरह कार्य कर रही थीं।
पूजा शुक्ला के अनुसार, बूथ नंबर–5 के कई मतदाताओं ने शिकायत की थी कि संबंधित बीएलओ द्वारा जातिगत और धार्मिक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे मतदान केंद्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पूजा शुक्ला स्वयं निस्तारण केंद्र पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में भी बीएलओ मतदाताओं से अपमानजनक भाषा में बात कर रही थीं।
आरोप है कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने वाले शब्दों का प्रयोग किया गया। जब पूजा शुक्ला ने इस व्यवहार पर आपत्ति जताई, तो महिला बीएलओ उनसे उलझ गईं और कथित तौर पर कहा— “होश में रहना”। पूजा शुक्ला ने इस टिप्पणी को एक पूर्व प्रत्याशी के प्रति असम्मानजनक और धमकी भरा बताया है।
सपा नेत्री का कहना है कि संवेदनशील बूथ पर इस तरह के अधिकारियों की तैनाती से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर ऐसे कर्मचारियों को तैनात किया जा रहा है ताकि मतदाताओं पर दबाव बनाया जा सके।
पूजा शुक्ला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी बीएलओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारियों की राजनीतिक निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
प्रशासनिक स्तर पर मामले को संज्ञान में लेने की बात कही जा रही है।
(सोर्स: पूजा शुक्ला का फेसबुक पेज)



