‘मेरा टिकट, मेरा स्वाभिमान’ अभियान: पीपरपुर स्टेशन पर विशेष बस रेड, 253 यात्री बिना टिकट पकड़े गए
सुल्तानपुर-लखनऊ सेक्शन में सघन टिकट जांच, 1.03 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला

लखनऊ/सुल्तानपुर।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा ‘मेरा टिकट, मेरा स्वाभिमान’ अभियान के तहत बुधवार को सुल्तानपुर जनपद के पीपरपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष बस रेड का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न ट्रेनों में सघन टिकट जांच कर बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतर्गत गाड़ी संख्या 64221 और 20401 को वाराणसी से सुल्तानपुर तक सेक्शनल चेक किया गया, जबकि गाड़ी संख्या 12237 में सुल्तानपुर से लखनऊ के बीच गहन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान कुल 253 बिना टिकट यात्री पकड़े गए, जिनसे ₹1,03,755/- किराया व जुर्माना वसूल किया गया। वहीं, 83 बिना टिकट यात्रियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सुपुर्द किया गया।
यह विशेष अभियान सहायक वाणिज्य प्रबंधक (ACM) के.के. यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान में CMI/टिकट चेकिंग, CIT (रेड) सहित 24 टिकट चेकिंग स्टाफ, 32 RPF कर्मी तथा 05 GRP स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पूरे अभियान का संचालन मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी के निर्देशन में किया गया।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे को सुरक्षित, सुव्यवस्थित व अनुशासित बनाए रखने में सहयोग करें। रेल प्रशासन के अनुसार, ऐसे विशेष जांच अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।



