चाइनीज मांझे से हादसा नहीं, अब हत्या मानी जाएगी: सीएम योगी
प्रदेशभर में छापेमारी के आदेश, चिनहट में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान

लखनऊ |
उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे को लेकर योगी सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को अब हादसा नहीं, बल्कि हत्या माना जाएगा। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री के आदेश पर प्रदेशभर में चाइनीज मांझे की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस-प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई की उच्चस्तरीय समीक्षा भी की जाएगी। गौरतलब है कि यूपी में पहले से ही चाइनीज मांझा प्रतिबंधित है, इसके बावजूद कई जगहों पर इसकी अवैध बिक्री सामने आ रही थी।
हाल ही में लखनऊ में चाइनीज मांझे से एक युवक की मौत के बाद सरकार ने सख्ती और बढ़ा दी है। अब चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ बड़ी और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के थाना चिनहट क्षेत्र में पुलिस ने अवैध चाइनीज मांझे के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
कस्बा चौकी प्रभारी तेज कुमार शुक्ला ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र की विभिन्न दुकानों पर औचक छापेमारी कर मांझे की जांच की। पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझा राहगीरों के साथ-साथ बेगुनाह पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है।
चिनहट पुलिस ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि कोई भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



