उत्तर प्रदेश

पूर्णिमा सुदेन को मिला महानिदेशक मेडल, 2023-24 बैच के IRMS अधिकारियों का सम्मान

IRITM में ‘इंडिया डे’ और दीक्षांत समारोह: 112 प्रशिक्षु अधिकारियों ने पूरा किया फाउंडेशन कोर्स

लखनऊ, 12 फरवरी 2026। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM) में बुधवार को भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (IRMS) के 2023 एवं 2024 बैच के रेलवे फाउंडेशन कोर्स का ‘इंडिया डे’ एवं समापन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने 104 सप्ताह की कुल प्रशिक्षण अवधि में से 10 सप्ताह का फाउंडेशन कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सभागार में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें भारत की विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि की झलक देखने को मिली। प्रशिक्षु अधिकारियों ने विभिन्न प्रांतों की संस्कृति को मंच पर जीवंत किया।
फाउंडेशन कोर्स के दौरान ऑफिसर ट्रेनी को भारतीय रेलवे के विभिन्न विभागों—कमर्शियल, ऑपरेटिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, अकाउंट्स, पर्सनल, सिग्नल एवं टेलीकॉम, राजभाषा, मेडिकल सहित अन्य विशेष फंक्शनल डोमेन—पर व्यापक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही फील्ड प्रशिक्षण के माध्यम से रेलवे के संगठित ढांचे और विभागीय समन्वय की व्यावहारिक समझ विकसित की गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 112 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल रहे, जिनमें IRMS (ट्रैफिक) के 79, IRMS (अकाउंट्स) के 29 तथा भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा के 4 अधिकारी शामिल थे।
समारोह में सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, खेलकूद और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अधिकारियों को मेडल प्रदान किए गए। सर्वांगीण उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पूर्णिमा सुदेन को महानिदेशक मेडल से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महानिदेशक IRITM रंजन प्रकाश ठाकुर ने प्रशिक्षु अधिकारियों की लगन, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी, संकाय सदस्यगण और अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button