उत्तर प्रदेशखेल

रेलवे टी-20 लीग में सिक्योरिटी हंटर्स और इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स फाइनल में

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल क्रीड़ा संघ की ओर से ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में आयोजित अन्तर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग (आईडीएल) 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांचक खेल देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल में सिक्योरिटी हंटर्स ने ऑपरेटिंग एवेंजर्स को 19 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स ने जनरल एडमिन टीम को 31 रन से शिकस्त दी।
पहला सेमीफाइनल: 19 रन से जीते सिक्योरिटी हंटर्स
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिक्योरिटी हंटर्स ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन बनाए। कप्तान राम आशीष यादव ने 78 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। अमित सिंह (20), अखिलेश यादव (14) और अमित बिश्नोई (12) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
ऑपरेटिंग एवेंजर्स की ओर से सिद्धांत सिंह ने 4 विकेट झटके, जबकि सर्वेश और शिवांग दुबे को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑपरेटिंग एवेंजर्स की शुरुआत खराब रही। शिवांश श्रीवास्तव (36 रन, 20 गेंद) और सिद्धांत सिंह (37 रन, 32 गेंद) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 146 रन ही बना सकी। सिक्योरिटी हंटर्स की ओर से जय सिंह और निखिल डी.वी. ने 2-2 विकेट लिए। इस जीत के साथ टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
दूसरा सेमीफाइनल: इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स का दमदार प्रदर्शन
दूसरे मुकाबले में इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 166 रन बनाए। कप्तान मनीष झा ने 52 रनों की प्रभावी पारी खेली। सचिन कुमार (नाबाद 28), सचिन चौधरी (25), कुलदीप यादव (18) और सौरभ (16) ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
जनरल एडमिन की ओर से रंजीत कुमार ने 2 विकेट लिए, जबकि मुकलेश मीणा और सन्नी सिंह को एक-एक सफलता मिली।
जवाब में जनरल एडमिन टीम 20 ओवर में 135 रन पर ऑल आउट हो गई। उदित मिश्रा (41), राहुल यादव (26) और करन सिंह (24) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम लक्ष्य से दूर रह गई। इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स के लिए रोहित और मनीष झा ने 3-3 विकेट झटके।
अब टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला सिक्योरिटी हंटर्स और इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स के बीच खेला जाएगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button