लखनऊ में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, दो चोरी की बाइक बरामद
विकासनगर पुलिस की कार्रवाई, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने की फिराक में था आरोपी

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट के जोन-पूर्वी क्षेत्र में विकासनगर थाना पुलिस ने रविवार को एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक बेचने की फिराक में था। पुलिस के मुताबिक, 15 फरवरी को संजीवनी मंडी क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की दो बाइक के साथ रिंग रोड के पास खड़ा है और उन्हें बेचने की तैयारी में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी उत्कर्ष प्रताप सिंह उर्फ समर ठाकुर (21) निवासी सेक्टर-सी जानकीपुरम, थाना विकासनगर को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की बात स्वीकार की। उसके पास से बरामद मोटरसाइकिलों में एक प्लैटिना (UP32GH7255) और एक अपाचे शामिल है। जांच में सामने आया कि अपाचे पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। चेसिस नंबर के आधार पर वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर(UP32JU9831) पाया गया। पुलिस के अनुसार, प्लैटिना बाइक थाना बाजारखाला क्षेत्र में दर्ज मुकदमे से संबंधित है। आरोपी के खिलाफ धारा 317(2)/318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
मोडस ऑपरेंडी
पुलिस का कहना है कि आरोपी बाइक चोरी कर उन्हें सस्ते दाम पर बेच देता था। पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करता था।
विकास नगर थानाध्यक्ष अलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सब्जीमंडी जितेंद्र कुमार सिंह,उ0नि0आनंद यादव,उ0नि0 विनोद कुमार व हेड कांस्टेबल अनुज कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



