कानून-व्यवस्था पर सख्त हुए डीजीपी राजीव कृष्ण, त्योहारों को लेकर दिए विशेष निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी जनपदों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों में प्रदेश में पुलिसिंग व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है, जिसके सभी पुलिस अधिकारी साक्षी भी हैं और भागीदार भी।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण जनपदों के कार्यों के मूल्यांकन में सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष में आवंटित बजट का समुचित और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी त्योहारों के मद्देनज़र डीजीपी ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए।
- महाशिवरात्रि पर प्रमुख मंदिरों, नदियों और घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
- होलिका दहन स्थलों पर पूर्व से सुरक्षा प्रबंध पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं।
- रमजान माह की शुरुआत को देखते हुए मस्जिदों के आसपास के मार्गों पर नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में त्योहारों के दौरान जहां-जहां विवाद की स्थिति बनी, उसकी समीक्षा कर संबंधित पक्षों से पूर्व में ही संवाद स्थापित कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
खुफिया तंत्र और सोशल मीडिया पर निगरानी
डीजीपी ने निर्देश दिए कि छोटी से छोटी सूचना पर भी तत्काल संज्ञान लेकर समयबद्ध कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कदम उठाए जाएं। स्थानीय अभिसूचना इकाई और गोपनीय सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के साथ ही सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर सतर्क निगरानी बनाए रखने को कहा गया है। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के गंभीर अनुपालन और विवेचना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। साथ ही अधिकारियों से अपेक्षा की कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पूर्ण निष्ठा और मनोयोग से कार्य करते हुए उच्च स्तरीय प्रदर्शन सुनिश्चित करें।



