उत्तर प्रदेश

सतर्कता से बची मासूम की जिंदगी: रेलवे की तत्परता से बिछड़ा बच्चा परिजनों से मिला

लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और सतर्कता की मिसाल देखने को मिली। मोढ़ स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान ट्रेन संख्या 65117 गाजीपुर सिटी–प्रयागराज संगम मेमू में करीब तीन से चार वर्ष का एक बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया।
ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर गोपाल जी को सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई और संबंधित स्टेशनों को अलर्ट कर दिया गया। ट्रेन के जंघई स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ के सहयोग से ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर संबंधित कोच तक पहुंचे। वहां एक महिला के पास उक्त बच्चा सुरक्षित मिला। बच्चे को जंघई स्टेशन पर सुरक्षित बैठाया गया और उसके परिजनों की तलाश जारी रखी गई।
कुछ ही देर बाद बच्चे के पिता संजय कुमार विश्वकर्मा, निवासी चंदुआ छिततउपुर, वाराणसी, ट्रेन संख्या 55141 पैसेंजर से जंघई स्टेशन पहुंचे। आवश्यक पहचान और पुष्टि के बाद बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सकुशल पाकर पिता की आंखें नम हो गईं और उन्होंने भारतीय रेल, आरपीएफ तथा संबंधित स्टेशन मास्टरों का हृदय से आभार जताया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उत्तर रेलवे का लखनऊ मंडल सदैव यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। किसी भी आपात स्थिति में तत्परता, समन्वय और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है, जिससे यात्रियों का भरोसा और मजबूत हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button