कपूरथला से छन्नी लाल चौराहे तक चला विशेष सफाई अभियान, जोन-3 की टीम सड़कों पर उतरी

लखनऊ। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम लखनऊ ने जोन-3 क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत कपूरथला चौराहे से छन्नी लाल चौराहे तक व्यापक स्तर पर सफाई कार्य कराया गया।
प्रभारी जोनल/सेनेटरी अधिकारी मनोज यादव और जोनल LSA प्रशांत मिश्रा के नेतृत्व में स्वच्छता टीम
सुबह से ही मैदान में उतर गई। सड़क किनारे जमा कूड़ा-करकट, मलबा और अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाया गया। साथ ही नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया, ताकि राहगीरों और स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों और क्षेत्रवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।



