महिला रेल कर्मचारियों का सम्मान, 27 को किया गया सम्मानित

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर साकेत ऑफिसर क्लब में उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्टेशनों से चयनित 27 उत्कृष्ट महिला रेल कर्मचारियों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में संगठन की अध्यक्ष निरुपमा वर्मा और सचिव पूजा श्रीवास्तव ने महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष निरुपमा वर्मा ने कहा कि रेलवे की प्रगति में महिला कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संगीता सागर तथा मनोचिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. प्रज्ञा कुमारी ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को स्त्री-रोग संबंधी समस्याओं, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जागरूक किया।
समारोह में बड़ी संख्या में महिला रेल कर्मचारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला रेल कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करने के साथ ही उनके स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।



