उत्तर प्रदेश

ईद के अगले दिन प्राणी उद्यान में उमड़ी भीड़, 16 हजार से अधिक दर्शकों ने किया भ्रमण

नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान

लखनऊ ईद के अगले दिन रविवार को नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्राणी उद्यान प्रशासन के अनुसार रविवार को कुल 16,298 दर्शकों ने चिड़ियाघर का भ्रमण किया। इससे एक दिन पहले 21 मार्च को 8,421 दर्शक यहां पहुंचे थे।

दर्शकों ने झील की सुन्दरता के साथ वन्य जीवों को देखकर आनंद लिया। विशेष रूप से चिम्पांजी, बब्बर शेर, व्हाइट टाइगर, जिराफ, मगरमच्छ, रंग-बिरंगे पक्षी और विभिन्न प्रजातियों के सरीसृप लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं बच्चों ने झूला पार्क में झूलों का आनंद उठाया और टॉय ट्रेन की सवारी भी की। टॉय ट्रेन स्टेशन पर भी दर्शकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

प्राणी उद्यान की बारादरी क्षेत्र और हरे-भरे लॉन में कई परिवारों ने पिकनिक मनाई। दर्शकों ने फोटो खिंचवाने के साथ मनोरंजन और मस्ती का भी भरपूर आनंद लिया।

भीड़ को देखते हुए प्राणी उद्यान प्रशासन ने मुख्य द्वार पर टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ा दी। कुल पांच टिकट काउंटरों में से तीन काउंटर ऑनलाइन टिकट के लिए संचालित किए गए, जिससे दर्शकों को टिकट के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ा और भीड़ की स्थिति भी नियंत्रित रही।

साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रत्येक शौचालय की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया और हर शौचालय पर एक-एक सफाई कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई।

दर्शकों और बच्चों ने जिराफ, भालू, गैंडा, जेब्रा और बब्बर शेर के मॉडल के साथ भी तस्वीरें खिंचवाईं। वहीं बच्चों ने लॉन में लगे फूलों और फव्वारों के बीच खेलते हुए खूब मस्ती की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button