उत्तर प्रदेश

रेलवे बोर्ड सदस्य हरि शंकर वर्मा का IRITM दौरा, नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व अतिथि गृह का उद्घाटन

लखनऊ, 26 मार्च रेलवे बोर्ड के सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) हरि शंकर वर्मा ने गुरुवार को भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में नवनिर्मित अतिथि संकाय विश्राम गृह (अभ्यागत) और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया, साथ ही दूसरे परिसर के निर्माण की आधारशिला भी रखी।

संस्थान पहुंचने पर महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर और संकाय सदस्यों ने उनका स्वागत किया। दौरे को IRITM के विस्तार और क्षमता निर्माण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए निर्माण से प्रशिक्षण और आवासीय सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अपने संबोधन में वर्मा ने भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (IRMS) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से कहा कि बदलते आर्थिक परिवेश में रेलवे की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने अधिकारियों को नवाचार अपनाने, सेवा गुणवत्ता सुधारने और संगठनात्मक उत्कृष्टता की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

दौरे के दौरान महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर, अतिरिक्त महानिदेशक संजय त्रिपाठी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई। इसमें प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और संस्थागत प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की गई।

रेलवे बोर्ड का यह दौरा IRITM के साथ उसके निरंतर जुड़ाव को दर्शाता है और संस्थान को रेलवे में नेतृत्व व प्रबंधकीय उत्कृष्टता के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button