NCC वाशिंग लाइन का DRM ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व मेंटेनेंस व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं

लखनऊ, 26 मार्च। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स (NCC) वाशिंग लाइन का गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सुनील कुमार वर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, अनुरक्षण और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग एवं वैगन) देवेश शर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लखनऊ मेल के रेक के पहियों की प्रोफाइल का परीक्षण टायर डिफेक्ट गेज से किया, जिसमें सभी पहिए निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।
इसके अलावा एसी कोचों में लगे फायर सेफ्टी अलार्म सिस्टम की भी बारीकी से जांच की गई। स्मोक सेंसर, अलार्म एक्टिवेशन, ब्रेक सिस्टम और हूटर साउंड समेत सभी सिस्टम सही और सुचारू रूप से काम करते मिले। चेन पुलिंग (ACP) प्रणाली की भी विभिन्न केबिनों से जांच की गई, जो पूरी तरह क्रियाशील पाई गई।
यात्रियों की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कोचों में पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। वहीं मौके पर मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता, सुरक्षा उपकरणों का उपयोग और कार्य दक्षता संतोषजनक पाई गई।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण नियमित रूप से किए जाते रहेंगे।



