उत्तर प्रदेश

5S प्रमाणन से दफ्तरों में सुधरेगी कार्यसंस्कृति

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में आयोजित हुई गोष्ठी, स्वच्छता और सुव्यवस्था पर जोर

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में कार्यालयों की स्वच्छता, सुव्यवस्था और अभिलेखों के बेहतर रखरखाव को लेकर बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में ‘बाह्य ऑडिट प्रक्रिया 5S प्रमाणन’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

गोष्ठी में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम महेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम विजय प्रताप आर्या की उपस्थिति रही। इस दौरान विभिन्न विभागों के मुख्य कार्यालय अधीक्षक, निरीक्षक, सीनियर सेक्शन इंजीनियर और रेलवे अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में 5S प्रमाणन की कार्यप्रणाली के पांच प्रमुख आयाम—छंटाई (Sort), सुव्यवस्था (Set in Order), स्वच्छता (Shine), मानकीकरण (Standardize) और आत्मानुशासन (Sustain) पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को कार्यालयों में फाइलों और अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव, कार्यस्थल की स्वच्छता तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग के महत्व से अवगत कराया गया।

गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर भी विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने वर्ष 2015 में पेरिस में आयोजित वैश्विक सम्मेलन तथा वर्ष 2021 के ग्लासगो कॉप-26 सम्मेलन में लिए गए संकल्पों का उल्लेख करते हुए रेलवे की पर्यावरणीय जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। जी.सी. कंसल्टेंसी सर्विसेस के उप निदेशक विकास श्रीवास्तव और ए.के. श्रीवास्तव ने 5S प्रणाली को प्रभावी प्रबंधन पद्धति बताते हुए ऊर्जा दक्षता और स्वच्छ कार्यस्थल की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में सहायक वित्त प्रबंधक डी.के. सिंह, सहायक कार्मिक अधिकारी रंजीत कुमार, विवेक प्रकाश एवं एसएसई/ईएनएचएम की सक्रिय सहभागिता रही। गोष्ठी के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने सुझाव एवं जिज्ञासाएं भी साझा कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button