लखनऊ में मिशन शक्ति अभियान के तहत बीबीडी यूनिवर्सिटी में छात्राओं को किया जागरूक

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के थाना बीबीडी की मिशन शक्ति टीम द्वारा गुरुवार को बीबीडी यूनिवर्सिटी परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को साइबर सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 112, 1090, 1930 एवं 1076 की जानकारी दी। साथ ही ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, फर्जी लिंक और वीडियो कॉल के माध्यम से होने वाले अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को सार्वजनिक स्थानों एवं यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया। कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक नैन्सी एवं महिला हेड कांस्टेबल लीलावती वर्मा ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
मिशन शक्ति टीम ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए चलाया जा रहा यह अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की गई।



