ऐशबाग स्टेडियम में फ्लडलाइट उद्घाटन टी-20 मैच, डीआरएम एकादश ने मीडिया टीम को 10 विकेट से हराया

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में स्थापित आधुनिक फ्लडलाइट व्यवस्था के उद्घाटन अवसर पर शनिवार को भव्य टी-20 नाइट क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मंडलीय खेलकूद संघ, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के तत्वावधान में खेले गए इस मैत्री मैच में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) एकादश और मीडिया एकादश की टीमें आमने-सामने रहीं। फ्लडलाइट की आकर्षक रोशनी में खेले गए इस मुकाबले ने दर्शकों और खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि लखनऊ मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहीं। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (संचालन) नीतू, स्पोर्ट्स ऑफिसर धनंजय मिश्रा, रेलवे अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि मीडिया समाज और संस्थाओं के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है तथा मीडिया के सहयोग से रेलवे की उपलब्धियां आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचती हैं। उन्होंने ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में स्थापित आधुनिक फ्लडलाइट व्यवस्था को रेलवे खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे भविष्य में रात्रिकालीन खेल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा मिलेगा।
मैच में मीडिया एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। टीम की ओर से सुधीर तिवारी ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि पंकज पांडेय ने 14 रनों का योगदान दिया। डीआरएम एकादश की ओर से शिव प्रताप सिंह, बलराम निषाद और पंकज कुमार सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया।
95 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंडल रेल प्रबंधक एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई विकेट खोए मात्र 10.5 ओवर में 98 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम के सलामी बल्लेबाज राहुल यादव ने 28 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं पंकज कुमार सिंह ने 37 गेंदों पर नाबाद 43 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
डीआरएम एकादश ने मीडिया एकादश को 10 विकेट से हराकर उद्घाटन टी-20 नाइट मैच जीत लिया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।



