25 हजार का इनामिया हिस्ट्रीशीटर मोहित यादव गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट में था वांछित
विकासनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रयागराज से दबोचा गया आरोपी

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त मोहित यादव को पुलिस टीम ने प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, रंगदारी समेत कई गंभीर मामलों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक विकासनगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर तिलई बाजार, थाना मऊआइमा जनपद प्रयागराज में दबिश देकर शनिवार शाम करीब 7:20 बजे आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोहित यादव और उसके साथियों के खिलाफ थाना विकासनगर में दर्ज मुकदमा संख्या 46/2025 में बीएनएस की गंभीर धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। जांच में सामने आया कि आरोपी का एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय था, जो लोगों में भय और दहशत फैलाकर गवाही देने से रोकता था तथा अपहरण और फिरौती जैसी वारदातों को अंजाम देता था।
इसी के आधार पर विकासनगर पुलिस ने 17 मार्च 2026 को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी ने हाईकोर्ट लखनऊ में गैंगचार्ट और कार्रवाई को चुनौती दी थी, लेकिन अदालत ने याचिका खारिज करते हुए पुलिस कार्रवाई को विधिसम्मत माना।
बरामदगी
315 बोर तमंचा
एक जिंदा कारतूस
एक खोखा कारतूस
एक मोबाइल फोन
आठ मुकदमों का आरोपी
पुलिस के अनुसार मोहित यादव पर प्रयागराज और लखनऊ में हत्या, जानलेवा हमला, अपहरण, रंगदारी, फर्जीवाड़ा, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी अमरनाथ चौरसिया, मुख्य आरक्षी ऋषि कुमार तिवारी, आरक्षी राघवेंद्र प्रताप सिंह, अजय यादव, प्रदीप कुमार और शिवानंद खरवाल शामिल रहे।



