अपराध

नाबालिक से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगी, तमंचा बरामद

फिरोजाबाद। जसराना थाना क्षेत्र में नाबालिक से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, वादिया की तहरीर पर आरोपी सहरोज खान के खिलाफ जसराना थाने में मुकदमा संख्या 12/2026, धारा 64/123/351(2) बीएनएस और धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त ने नाबालिक के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी और लगभग छह महीने तक दुष्कर्म किया।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई थीं। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बिलासपुर रोड से प्रानपुर गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। जब संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी सहरोज खान के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान निजामपुर, जसराना निवासी फिरोज खान के पुत्र सहरोज खान के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में जसराना थाने में मारपीट और धमकी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है। एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी जसराना के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक सुनील कुमार, उप निरीक्षक अचल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button