उन्नाव में पुलिस मुठभेड़, महिला-बच्चों पर हमला करने वाले तीन बदमाश दबोचे गए
एक आरोपी गोली लगने से घायल, तमंचा-चाकू और बाइक बरामद

उन्नाव: जनपद के अजगैन थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला और बच्चों पर चाकू से हमला करने वाले तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को मौके से ही दबोच लिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
यह मुठभेड़ अजगैन थाना क्षेत्र के ऊसरा मोड़, अजगैन-मोहन मार्ग पर उस समय हुई, जब पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसके दो अन्य साथी भागने की कोशिश में मौके से ही पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास गुप्ता, लक्ष्मीनारायण और संजय के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने 3 जनवरी को अजगैन थाना क्षेत्र के जमालपुर मढ़ी गांव में बकरी हटाने के विवाद में महिला और बच्चों पर चाकू से हमला करने की वारदात को स्वीकार किया है। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त चाकू और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी नवाबगंज भेजा गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हसनगंज अरविंद चौरसिया ने बताया कि चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ और दो को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में कई गंभीर आपराधिक घटनाओं का खुलासा हुआ है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाशों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में एसओजी, स्वाट और अजगैन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।



