फर्रुखाबाद में सड़क किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, गला घोंटकर हत्या की आशंका
शव कहीं और हत्या कर फेंके जाने की आशंका, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में

फर्रुखाबाद: जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम नगला जम्पत मार्ग पर बहादुर नगला अंडरपास से करीब 50 कदम की दूरी पर एक अज्ञात युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई।
सुबह करीब 6 बजे शौच के लिए जा रहे दलवीर सिंह के पुत्र सुमित कुमार ने सड़क पर शव पड़ा देखा। शव को देखकर वह भयभीत हो गया और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर कोतवाली प्रभारी को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना पर एएसपी अरुण कुमार, डीएसपी अजय वर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर ‘विक्रम’ नाम और बाएं हाथ पर ‘ओम’ का टैटू गुदा हुआ है। युवक ने फिरोजी रंग की जॉकी का अंडरवियर, हल्के गुलाबी व काले रंग का चेकदार स्वेटर, काली-सफेद धारियों वाली गर्म टी-शर्ट, सफेद-ग्रे लाइनिंग की शर्ट, बदामी रंग की पैंट और ब्राउन रंग की बेल्ट पहन रखी थी। एक पैर में काले रंग का एयर-9 ब्रांड का जूता मिला।
शव की गर्दन पर रस्सी या तार से गला घोंटने का काला निशान पाया गया है, जबकि मुंह से खून निकलने के भी निशान मिले हैं। फॉरेंसिक टीम को मौके पर शव या वाहन के घसीटने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
एएसपी अरुण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव यहां लाकर फेंका गया है। शव की पहचान कराने के लिए सभी थानों और प्रधानों के व्हाट्सएप ग्रुप में फोटो भेजी गई है।
चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं डीएसपी अजय वर्मा ने कोतवाली प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि कोहरा कम होने के बाद दोबारा घटनास्थल की गहन जांच कर अतिरिक्त साक्ष्य एकत्र किए जाएं।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पहचान होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



