साइबर फ्रॉड गिरोह का सरगना मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली
खेतों में बैठकर चला रहा था ठगी का नेटवर्क, तमंचा व मोबाइल बरामद

मथुरा/उत्तर प्रदेश
मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और साइबर फ्रॉड के शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान साइबर ठगी के आरोपी सचिन उर्फ गोलू के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सचिन उर्फ गोलू देवसेरस गांव का निवासी है और लंबे समय से साइबर फ्रॉड की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। वह खेतों में बैठकर फर्जी मोबाइल नंबरों के जरिए लोगों को कॉल करता था। कभी परिचित बनकर तो कभी अधिकारी बनकर बात करता और धोखे से लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ा देता था।
मुठभेड़ में ये सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
एक तमंचा,
कारतूस,
दो मोबाइल फोन,
और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात थाना गोवर्धन पुलिस ने देवसेरस से गाठोली जाने वाले बंबे पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का बयान
अनिल कुमार सिंह, सीओ गोवर्धन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े कई साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर फ्रॉड नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी।



